कांग्रेस एमएलए पर आरोप लगाने वाली महिला पर साइबर हमले तेज, पुलिस ने बढ़ाई सख़्ती

केरल में निलंबित कांग्रेस विधायक राहुल ममकुटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला को सोशल मीडिया पर लगातार निशाना बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता की निजी तस्वीरें विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर साझा किए जाने के बाद पुलिस ने साइबर निगरानी को और कड़ा कर दिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, साइबर ऑपरेशन शाखा अब सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही है। यह इकाई साइबर अपराध शाखा, समर्पित साइबर थानों और साइबरडोम यूनिट की देखरेख भी करती है। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें ऐसे इनपुट मिले हैं कि शिकायतकर्ता की तस्वीरें वायरल कर उसे निशाना बनाया जा रहा है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी भी संदिग्ध पोस्ट या शिकायत मिलने पर संबंधित साइबर थाने में तुरंत मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निगरानी के दौरान यदि कोई खाता पीड़िता की तस्वीरें फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि कांग्रेस के किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा नहीं दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि पार्टी से जुड़ा कोई व्यक्ति साइबर हमलों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
केरल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने भी यही रुख अपनाते हुए कहा कि पार्टी का कोई नेता या अधिकृत कार्यकर्ता इस तरह की हरकत में शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पार्टी किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.