दिल्ली: गाजीपुर टोल पर कार-कंटेनर की जोरदार टक्कर, मां-बेटी की मौत

दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर टोल टैक्स पर गुरुवार सुबह एक भयानक सड़क हादसे में तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार टोल पर खड़े कंटेनर से टकरा गई। कार में मां, बेटी और बेटी के दो छोटे बच्चे सवार थे। हादसे में मां नीलम गर्ग (55) और बेटी दीपांजलि (38) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार के परखच्चे उड़ गए, गंभीर रूप से घायल हुए बेटे और दो मासूम
हादसे के समय कार चला रहे बेटे दीपांशु गर्ग (30) और दीपांजलि के दो बेटे, विवान (5) और वाशु (3) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कंटेनर के निचले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा।
मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल भेजे गए और दोपहर तक परिजनों को सौंप दिए गए। क्राइम टीम और फॉरेंसिक लैब ने मौके से साक्ष्य जुटाए। गाजीपुर थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में पता चला कि कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार कंटेनर से टकरा गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना की पड़ताल कर रही है।
परिवार देहरादून से लौट रहा था
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी जिला अभिषेक धानिया ने बताया कि नीलम गर्ग रोहिणी सेक्टर-2 में रहती थीं। बेटी दीपांजलि की शादी देहरादून में हुई थी। बुधवार रात नीलम और बेटा दीपांशु बेटी और उसके बच्चों को लेने देहरादून गए थे और गुरुवार सुबह दिल्ली लौट रहे थे।
कार में सवार कौन था कहां
नीलम गर्ग पिछली सीट पर बैठी थीं, उनके साथ दोनों बच्चे थे। दीपांशु ने कार चलाई और सामने की सीट पर दीपांजलि बैठी थीं। सुबह करीब 6.35 बजे कार दिल्ली की सीमा में गाजियाबाद की ओर से प्रवेश कर रही थी, तभी गाजीपुर टोल टैक्स पर टकराव हुआ।
भयंकर टक्कर और राहत कार्य
कार बायीं ओर से कंटेनर से टकराई और सड़क पर 30-40 फीट तक घिसटती चली गई। नीलम का शव कार से बाहर गिर गया, जबकि दीपांजलि कार के अगले हिस्से में फंस गईं। राहगीरों ने दीपांशु और बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस और दमकल कर्मियों ने कटर से दरवाजे काटकर दीपांजलि का शव निकाला।
हादसे के कारण गाजीपुर टोल पर भारी जाम लग गया। क्रेन की मदद से कार को सड़क से हटाया गया।
पुलिस का बयान
“हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से जांच की जा रही है। क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घायलों का उपचार जारी है।”
- अभिषेक धानिया, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी जिला
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.