देवबंद: पाकिस्तानी कनेक्शन के शक में एटीएस ने मुफ्ती जाकिर को किया गिरफ्तार

देवबंद में एटीएस ने कार्रवाई करते हुए शहर क्षेत्र से मुफ्ती जाकिर को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह पाकिस्तान से जुड़े कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में था और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री साझा कर क्षेत्र में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था। मामले में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस को इस संबंध में पहले से खुफिया जानकारी मिल रही थी। इनपुट की पुष्टि के बाद टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और पर्याप्त सबूत मिलने पर शहर के ओम विहार कॉलोनी, मिल फाटक के पास नखासा बाजार क्षेत्र स्थित इस्लामिया शिफा खाना गली से उसे हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक संदेश और पोस्ट भी बरामद हुए हैं। इन पोस्टों में कथित तौर पर सीएए, एनआरसी, यूजीसी, एसआईआर, राम मंदिर फैसले और अन्य संवेदनशील मुद्दों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और लोगों को भड़काने वाली सामग्री शामिल थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कुछ विवादित वीडियो और सामग्री से प्रभावित था और सोशल मीडिया के जरिए लगातार ऐसे विचारों का प्रचार कर रहा था, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में यह संकेत भी मिले हैं कि वह पाकिस्तान आधारित कुछ नंबरों के संपर्क में था। अब एटीएस इस बात की गहन जांच कर रही है कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका हो सकती है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं, जबकि स्थानीय पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.