मोदी-योगी की सरकार ने हर वर्ग तक पहुंचाया योजनाओं का लाभ: डॉ. दिनेश शर्मा

मुजफ्फरनगर के पचेंडा रोड स्थित राधिकापुरम के दिव्य ध्यान योग आश्रम में सोमवार को स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज का तृतीय दीक्षा दिवस समारोह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा रहे। उन्होंने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज द्वारा लिखित आध्यात्मिक पुस्तक "आत्म बोध चेतना के पुष्प" का विमोचन किया। इस दौरान आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत अखंड रामायण पाठ के समापन के साथ हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे दिन आश्रम में धार्मिक अनुष्ठान और सत्संग का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर दंडी स्वामी महादेव आश्रम महाराज, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे। सभी संतों ने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज को दीक्षा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि संत समाज हमेशा देश और समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज के त्याग, तपस्या और समाजसेवा की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने सनातन समाज से जात-पात से ऊपर उठकर एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।

स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और संत परंपरा की गरिमा को मजबूत करते हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया।
प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता दंडी स्वामी महादेव आश्रम महाराज ने की, जबकि संचालन संदीप शर्मा ने किया।
इसके बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने गांधीनगर स्थित भाजपा नेता पुनीत वशिष्ट के आवास पर प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार ने विकास को नई गति दी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने डॉ. शर्मा का स्वागत किया। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी समेत कई नेता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.