22 साल का इंतजार खत्म! ईस्ट बंगाल ने मोहन बागान को 4-1 से हराकर जीता डूरंड कप

HIGHLIGHTS
- फाइनल मुकाबला रविवार को साल्टलेक स्टेडियम में खेला गया।
- ईस्ट बंगाल के एडमंड लालरिंडिका ने तीन गोल कर हैट्रिक लगाई।
- बिपिन सिंह ने 10वें मिनट में टीम का खाता खोला।
कोलकाता। ईस्ट बंगाल ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी मोहन बगान सुपर जायंट को 4-1 से हराकर 22 साल बाद डूरंड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रविवार को खचाखच भरे साल्टलेक स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में ईस्ट बंगाल की जीत के हीरो एडमंड लालरिंडिका रहे। उन्होंने पहले हाफ में ही तीन गोल कर मोहन बगान को बैकफुट पर धकेल दिया।
ईस्ट बंगाल की ओर से बिपिन सिंह ने 10वें मिनट में पहला गोल किया। इसके दो मिनट बाद एडमंड ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। 22वें मिनट में एडमंड ने अपना दूसरा गोल दागा। 33वें मिनट में मनवीर सिंह ने मोहन बगान के लिए गोल कर अंतर 3-1 कर दिया। हालांकि, पहले हाफ खत्म होने से ठीक पहले 44वें मिनट में एडमंड ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और ईस्ट बंगाल को 4-1 की बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में मोहन बगान ने बनाए कई मौके
पहले हाफ में मोहन बगान के पास गेंद का अधिक कब्जा रहा और टीम ने गोल के लिए कई प्रयास भी किए। हालांकि, ईस्ट बंगाल के जवाबी हमलों के सामने उसकी रणनीति कारगर नहीं रही। दूसरे हाफ में भी मोहन बगान ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखते हुए लगातार हमले किए, लेकिन ईस्ट बंगाल की रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो सका।
22 साल बाद ईस्ट बंगाल ने जीती ट्रॉफी
ईस्ट बंगाल ने भी दूसरे हाफ में कुछ अच्छे मौके बनाए, लेकिन कोई और गोल नहीं कर सकी। अंत में 4-1 की जीत के साथ ईस्ट बंगाल ने 22 साल बाद डूरंड कप की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच खत्म होने से कुछ समय पहले एक दिलचस्प घटना भी देखने को मिली। रेफरी की सीटी को ईस्ट बंगाल के समर्थकों ने फाइनल सीटी समझ लिया, जिसके बाद दर्शक दीर्घा में पटाखे चलने लगे।
ईस्ट बंगाल ने 17वीं बार डूरंड कप का खिताब जीता है। इस जीत के साथ वह टूर्नामेंट के 139 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम के मामले में मोहन बगान के बराबर पहुंच गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.