यूपी में आठ आईएएस अफसरों के तबादले, कई महत्वपूर्ण विभागों में बदलाव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुधवार देर रात एक और बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस ताज़ा आदेश में आठ आईएएस अधिकारियों के विभाग और जिम्मेदारियां बदली गईं, जिनमें कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अफसर शामिल हैं। सरकार ने नियोजन, प्राविधिक शिक्षा, परिवहन, स्टांप एवं पंजीयन और पर्यटन से जुड़े शीर्ष पदों में बदलाव किए हैं। साथ ही कानपुर नगर के नगर आयुक्त और रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी के दायित्व भी बदल दिए गए हैं।
नई नियुक्तियों के अनुसार, सुषमा कुमारी जे, जो अब तक सचिव (नियोजन विभाग) के पद पर थीं, को प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश का निदेशक बनाया गया है। वहीं, प्रतीक्षा सूची में चल रहे समीर वर्मा को सचिव, नियोजन विभाग के साथ-साथ महानिदेशक, अर्थ एवं संख्या विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतीक्षा में चल रहे प्रभु नारायण सिंह को राज्य सड़क परिवहन निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। अब तक इस जिम्मेदारी को निभा रहे मासूम अली सरवर को सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है।
विशेष सचिव (स्टांप एवं पंजीयन) और अपर महानिरीक्षक (निबंधक) आशीष कुमार को उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। कानपुर नगर के नगर आयुक्त सुधीर कुमार को अब विशेष सचिव, स्टांप एवं पंजीयन विभाग तथा अपर महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
रायबरेली के मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय को कानपुर नगर का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की सचिव अंजुलता को रायबरेली का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार ने इन तबादलों को प्रशासनिक कार्यक्षमता और विभागीय समन्वय को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लागू किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.