चमोली में छात्राओं की बस खाई में गिरी, आठ घायल; दो छात्रा और चालक श्रीनगर रैफर

चमोली। जिले में देर रात जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता से लौट रही छात्राओं की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें छह छात्राओं समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से दो छात्राओं और चालक को गंभीर स्थिति में श्रीनगर रेफर किया गया है, जबकि अन्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पोखरी में प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गोपेश्वर में जिला स्तरीय शरदकालीन कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विभिन्न आयु वर्ग की टीमें अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। जीआईसी रडुवा चांदनीखाल की छह छात्राओं, खेल शिक्षक और जीआईसी नैल सांकरी के तीन छात्र व शिक्षक गोपेश्वर से देर शाम निकले।
नैल सांकरी में तीन छात्र और शिक्षक उतर गए, जबकि बाकी छात्राओं को लेकर बस आगे बढ़ी। रात आठ बजे सलना गांव से लगभग दो किमी पहले चौलांडी गदेरे के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 45 मीटर गहरी खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल CHC पोखरी पहुंचाया गया।
CHC अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि चालक जय लाल और छात्रा आंचल व पूर्वांशी की चोटें गंभीर थीं, जिन्हें रात ही श्रीनगर के उच्च स्तरीय अस्पताल भेजा गया। वहीं खेल शिक्षक उमेश कुमार और छात्राएं दीपा, आरुषी, अनामिका व दीक्षा को प्राथमिक उपचार देने के बाद जरूरी जांच के लिए श्रीनगर भेजा गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार ने कहा कि वे लगातार घायलों की जानकारी ले रहे हैं। श्रीनगर बेस अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सभी घायलों की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है, और उनका उपचार जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.