पप्पू यादव के खिलाफ यूपी में विरोध तेज, लखनऊ में निकाली गई शव यात्रा और फूंका पुतला

HIGHLIGHTS
- पप्पू यादव के प्रदर्शन को लेकर लखनऊ और वाराणसी में विरोध हुआ।
- सनातन रक्षा संगठन और विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने प्रदर्शन किया।
- वाराणसी में संतों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
लखनऊ। नई दिल्ली में संसद के मानसून सत्र के दौरान संसद भवन के बाहर भगवा वस्त्र पहनकर प्रदर्शन करने वाले सांसद पप्पू यादव का उत्तर प्रदेश में विरोध बढ़ता जा रहा है।
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के इस कृत्य के खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में केस दर्ज करने के लिए पत्र दिया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई शहरों में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन और निंदा की जा रही है।
लखनऊ के हजरतगंज में सनातन रक्षा संगठन के सदस्यों ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की शव यात्रा निकाली और उनका पुतला फूंका। शनिवार को सनातन विरोधी बयान देने का आरोप लगाते हुए सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने गोमती नगर स्थित अपने कार्यालय के बाहर भी पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं के अपमान का आरोप
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने पप्पू यादव पर सनातन विरोधी बयान देने का आरोप लगाया है। परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि सनातन धर्म, साधु-संतों और धार्मिक परंपराओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव का यह कृत्य संत समाज और भगवा वस्त्र की गरिमा पर सवाल उठाने वाला है, जिससे करोड़ों सनातनियों की आस्था और भावनाएं आहत हुई हैं।
गोपाल राय ने कहा कि पप्पू यादव ने जो कुर्ता पहना था, उस पर राम मंदिर का चित्र बना हुआ था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथ पाप और गलत कार्यों से जुड़े हों, उनका भगवान के पवित्र मंदिर को अपने वस्त्र पर धारण करना सनातन समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
वाराणसी में पुलिस से शिकायत
पप्पू यादव के खिलाफ वाराणसी में भी पुलिस से शिकायत की गई है। काशी जोन के डीसीपी को कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। वाराणसी के संतों ने पप्पू यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दर्जनों संतों ने डीसीपी को तहरीर सौंपी है।
गौरतलब है कि पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायतकर्ता सूर्या मैथिल ने आरोप लगाया है कि पप्पू यादव ने सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.