बंगाल, असम समेत 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें कब होगी वोटिंग

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने रविवार को पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी। आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा, जबकि असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग होगी। तमिलनाडु में भी एक चरण में चुनाव संपन्न होंगे। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतों की गिनती 4 मई को एक साथ की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा। असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा।
इसी के साथ चुनाव आयोग ने गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड और त्रिपुरा में कुछ विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तारीख भी घोषित की है। गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को उपचुनाव होंगे, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में 23 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।
चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में कुल करीब 17.4 करोड़ मतदाता मतदान के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यहां मतदाता सूची से संबंधित कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। इन राज्यों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है।
उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए वे और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी हाल ही में पश्चिम बंगाल का दौरा कर चुके हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी तैयारियों का जायजा लिया गया है।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान
पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच माना जा रहा है। ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी 2011 से राज्य की सत्ता में है।
असम में 9 अप्रैल को वोटिंग
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 9 अप्रैल को एक ही चरण में होंगे। यहां सत्तारूढ़ भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।
केरल में भी एक चरण में चुनाव
केरल की 140 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। यहां मुख्य टक्कर वाम मोर्चा (LDF) और कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच है। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए भी चुनावी मैदान में है।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान
तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। राज्य में राजनीतिक दल अपने गठबंधनों और सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
पुडुचेरी में 30 सीटों के लिए चुनाव
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की सभी 30 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा। यहां कांग्रेस, डीएमके और सीपीआई गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है, जबकि विपक्षी गठबंधन में एआईएनआरसी, भाजपा और एआईएडीएमके शामिल हैं।
निष्पक्ष चुनाव के लिए विशेष व्यवस्था
चुनाव आयोग ने इन राज्यों में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। संविधान के अनुच्छेद 324 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के तहत केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। ये पर्यवेक्षक चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेंगे और मैदान स्तर पर चुनाव प्रबंधन को सुनिश्चित करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.