कावेरी जल विवाद: सुप्रीम कोर्ट का कर्नाटक को निर्देश, तमिलनाडु के लिए तुरंत पानी छोड़ें

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने छोड़े गए पानी की ताजा स्थिति मांगी।
- 24 अगस्त को मामले की अगली सुनवाई होगी।
- CWRC ने 15 दिनों तक 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने की सिफारिश की थी।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कावेरी जल विवाद मामले में बड़ा निर्देश दिया है। कोर्ट ने कर्नाटक सरकार को कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (CWMA) की ओर से तमिलनाडु को पानी छोड़ने के आदेश का तुरंत पालन करने को कहा है।
दरअसल, तमिलनाडु सरकार ने 3 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में आरोप लगाया था कि कर्नाटक के जलाशयों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद उसे उसके हिस्से का 26.954 टीएमसी पानी नहीं मिल रहा है। इसके बाद कोर्ट ने पानी छोड़ने के आदेश का तत्काल पालन करने को कहा।
24 अगस्त को होगी अगली सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई तक छोड़े गए पानी की नवीनतम स्थिति अदालत के सामने पेश की जाए। तमिलनाडु की पानी छोड़ने का निर्देश देने संबंधी याचिका पर अदालत ने 24 अगस्त को सुनवाई तय की है।
तमिलनाडु सरकार ने आरोप लगाया कि कावेरी जल विनियमन समिति (CWRC) की ओर से अनुशंसित पानी की मात्रा और कर्नाटक द्वारा वास्तव में उपलब्ध कराया गया पानी, दोनों ही उसकी जरूरत से काफी कम हैं।
हाल ही में हुई बारिश से पानी की स्थिति में सुधार
केआरएस और काबिनी जलाशयों के जलग्रहण क्षेत्रों में हाल में हुई बारिश के बाद राज्य में पानी की स्थिति में सुधार हुआ है। राज्य सरकार के अनुसार, बिलिगुंडलू में देय आनुपातिक हिस्सा 26.954 टीएमसी होना चाहिए।
28 जुलाई को हुई बैठक में कावेरी जल विनियमन समिति ने कर्नाटक को 29 जुलाई से शुरू होने वाले 15 दिनों के लिए तमिलनाडु को 3,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का निर्देश दिया था। हालांकि, तमिलनाडु सरकार का कहना है कि कर्नाटक-तमिलनाडु सीमा पर स्थित बिलिगुंडलू में 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच दर्ज वास्तविक प्रवाह केवल 158 से 550 क्यूसेक के बीच रहा।
कर्नाटक के 4 प्रमुख जलाशयों में भरपूर पानी
तमिलनाडु सरकार के एक बयान के अनुसार, 3 अगस्त तक कर्नाटक के चार प्रमुख जलाशयों- कृष्णा राजा सागर, काबिनी, हरंगी और हेमावती में संयुक्त जल स्तर 77.537 टीएमसी था।
तमिलनाडु का तर्क है कि उपलब्ध जल भंडारण से स्पष्ट है कि कर्नाटक बिना किसी कठिनाई के तमिलनाडु के हिस्से का पानी जारी कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.