बसंतकुंज योजना में प्रवेश शुल्क स्थिर, यूपी दिवस पर होंगे रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

बसंतकुंज योजना के 65 एकड़ में फैले राष्ट्र प्रेरणा स्थल के संचालन के लिए गठित समिति ने प्रवेश शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके अनुसार पार्क में प्रवेश शुल्क 15 रुपये और म्यूजियम का टिकट 50 रुपये ही रहेगा। एलडीए के वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सोमवार को समिति की पहली बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्क के रखरखाव और सुधार के उपायों पर चर्चा हुई। समिति ने पहले से लागू शुल्क को भी अनुमोदित किया।
बैठक में बच्चों के मनोरंजन के लिए किड्स जोन विकसित करने पर भी विचार किया गया। पार्क का लोकार्पण 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उद्घाटन के बाद प्रवेश 31 दिसंबर तक नि:शुल्क था और 1 जनवरी से शुल्क लागू किया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस पर होंगे विशेष आयोजन
उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24 से 26 जनवरी तक राजधानी स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकार गायन, शास्त्रीय व लोक नृत्य, नाटक, भजन, सुगम संगीत, जनजातीय नृत्य और समकालीन प्रस्तुतियों का मंचन करेंगे। युवाओं को आकर्षित करने के लिए इंडियन ओसेन बैंड भी प्रस्तुति देगा।
संस्कृति विभाग ने आधुनिकता और परंपरा के संगम को प्रदर्शित करने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। इस कार्यक्रम में प्रकाश मिश्रा और प्रतिभा सिंह बघेल द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे, जबकि भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कलाकार कथक, भरत नाट्यम और ओडिसी नृत्य की संयुक्त प्रस्तुतियां देंगे।
पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP), हस्तशिल्प, जीआई टैग उत्पाद, पर्यटन स्थल, मिशन शक्ति, औद्योगिक और अधोसंरचना विकास तथा “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” थीम पर प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, उत्कृष्ट उद्यमियों, महिला शक्ति, युवाओं, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
साथ ही, 2026 में ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, चित्रकला कार्यशालाएं, संगीत वादन, ओपन माइक, नाटक, कठपुतली, क्विज, रंगोली, पाक कला प्रतियोगिता, पतंगबाजी और युवाओं की सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित प्रदर्शनी और उत्तर प्रदेश पारंपरिक व्यंजन मेला भी लगाया जाएगा।
विद्यालयों में प्रतियोगिताओं की योजना
उत्तर प्रदेश दिवस पर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में तीन दिन तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि:
-
23 जनवरी: सुभाष चंद्र बोस के जीवन व योगदान पर वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिता।
-
24 जनवरी: “उत्तर प्रदेश: विकसित भारत” थीम पर प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद और बिल्डाथॉन।
-
26 जनवरी: झंडारोहण और सांस्कृतिक गतिविधियां।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.