यूपी में MLC चुनाव के लिए मतदान कल, जानें वोटिंग का समय और जरूरी नियम

HIGHLIGHTS
- चुनाव प्रक्रिया के लिए 11 प्रेक्षक और 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
- लखनऊ की दोनों सीटों पर कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
- मतपत्र पर निशान लगाने के लिए केवल पीठासीन अधिकारी का दिया बैंगनी स्केच पेन मान्य होगा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा। मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी 72 जिलों में वोट डाले जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान के लिए 2,697 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चुनाव मैदान में 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पांच खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी और बरेली-मुरादाबाद शामिल हैं। वहीं, छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद शामिल हैं।
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने 11 प्रेक्षक तैनात किए हैं। इसके अलावा 1,041 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 456 जोनल मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात करने के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। चुनाव प्रक्रिया के लिए 1,108 भारी वाहन, 1,737 हल्के वाहन और 12,309 मतदान कर्मियों को लगाया गया है।
मतदान करने के लिए मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र दिखाना होगा। जिन मतदाताओं के पास यह कार्ड नहीं है, वे निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक के जरिए अपनी पहचान साबित कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों या अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र शामिल हैं।
इसके अलावा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को जारी आधिकारिक पहचान पत्र, संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक के रूप में मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान का पहचान पत्र, विश्वविद्यालय की डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र और विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) भी मान्य होंगे।
लखनऊ मंडल में स्नातक और शिक्षक सीटों पर आज मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए बनाए गए 259 मतदान बूथों पर बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे रमाबाई रैली स्थल से पोलिंग पार्टियों को मतपेटियों और मतपत्रों के साथ रवाना किया गया।
जिलाधिकारी विशाख जी. ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 20,421 मतदाता हैं। दोनों सीटों के लिए कुल 259 मुख्य और सहायक मतदान बूथ बनाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, सरोजनीनगर में सबसे ज्यादा 16,935 मतदाता हैं। इसके बाद लखनऊ पूर्व में 15,740 और बख्शी का तालाब में 13,457 मतदाता हैं। लखनऊ उत्तर में 11,791 और लखनऊ पश्चिम में 11,052 मतदाता दर्ज हैं।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सरोजनीनगर के 3,585, लखनऊ पश्चिम के 3,383 और लखनऊ उत्तर के 3,253 मतदाता हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। मतदान के बाद सील की गई मतपेटियां आशियाना स्थित रमाबाई रैली स्थल के संग्रहण केंद्र पर पहुंचाई जाएंगी। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।
वोटर कार्ड नहीं है तो इन दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान
मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने पर निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाकर पहचान साबित की जा सकती है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, सरकारी सेवा पहचान पत्र, डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।
मतपत्र पर निशान लगाने के लिए पीठासीन अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराया जाने वाला बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल करना होगा। मतदाता अपने पेन से मतपत्र पर निशान नहीं लगा सकेंगे।
मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंध
मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में टेबल लगाने, पोस्टर, झंडे, लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री रखने पर प्रतिबंध रहेगा। इस क्षेत्र में अनधिकृत वाहन खड़े करने और भीड़ एकत्र करने की भी अनुमति नहीं होगी।
लखनऊ स्नातक सीट पर मतदान की होगी वीडियोग्राफी
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने बृहस्पतिवार को चुनाव आयोग की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद लखनऊ डिवीजन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में मतदान की पूरी प्रक्रिया की लगातार वीडियोग्राफी कराने की मांग वाली याचिका का निपटारा कर दिया।
न्यायमूर्ति आलोक माथुर और न्यायमूर्ति अवधेश कुमार चौधरी की खंडपीठ ने 22 अक्तूबर को प्रतिवादियों की ओर से दिए गए आश्वासन को रिकॉर्ड पर लेते हुए याचिका का निस्तारण किया।
याचिकाकर्ता शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वह लखनऊ डिवीजन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ रहे हैं। रिटर्निंग अधिकारी की ओर से 9 अक्तूबर 2026 को जारी प्रपत्र 7बी में उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम 13वें क्रम पर दर्ज है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदान की कार्यवाही की लगातार वीडियोग्राफी कराने की मांग की थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर केंद्रीय निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि संबंधित पुस्तिका के अनुच्छेद 49 के अनुपालन के लिए पहले से ही प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुस्तिका में निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
आयोग की ओर से दिए गए इस आश्वासन को दर्ज करते हुए खंडपीठ ने याचिका का निपटारा कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.