फतेहगढ़ साहिब में रेलवे लाइन पर धमाका, मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त; सुरक्षा अधिकारी घायल

फतेहगढ़: सरहंद क्षेत्र में देर रात रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ। यह ब्लास्ट फतेहगढ़ साहिब-सरहद रेलवे स्टेशन से करीब चार किलोमीटर दूर फ्रेट कॉरिडोर पर हुआ। धमाके के समय रात करीब 11 बजे एक मालगाड़ी वहां से गुजर रही थी।
सूत्रों के मुताबिक, यह नई फ्रेट लाइन खासतौर पर मालगाड़ियों के संचालन के लिए बनाई गई थी। जैसे ही मालगाड़ी का इंजन खानपुर फाटकों के पास पहुंचा, अचानक जोर का धमाका हुआ। धमाके के कारण रेलवे लाइन का लगभग 12 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
लोको पायलट घायल
इस हादसे में मालगाड़ी के लोको पायलट को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। घायल लोको पायलट को बाद में चंडीगढ़ रेफर किया गया, जबकि क्षतिग्रस्त इंजन को अंबाला ले जाया गया।
जांच और सुराग
डीआईजी रोपड़ डॉक्टर नानक सिंह ने मौके पर जाकर बताया कि धमाके के पीछे आतंकवादी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फोरेंसिक टीम ने मौके से सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिए हैं। रेलवे लाइन और आसपास के क्षेत्र में डॉग स्क्वाड और बम स्क्वाड ने सघन जांच शुरू कर दी है।
डीआईजी ने बताया कि सभी जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और आपसी तालमेल से घटना की पूरी जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि धमाका इतना बड़ा नहीं था, लेकिन रेल इंजन के शीशे टूट गए और इंजन में सवार एक कर्मचारी मामूली रूप से घायल हुआ।
रेलवे और पुलिस टीमों ने दिन के उजाले में भी जांच जारी रखी और धमाके के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.