नासिक टीसीएस मामले पर फडणवीस का बयान, गिरोह का होगा पर्दाफाश

कोलकाता। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की एक यूनिट में सामने आए कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण के मामले को लेकर सरकार गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस पूरे मामले में सक्रिय गिरोह का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
कोलकाता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए फडणवीस ने कहा कि संबंधित बहुराष्ट्रीय कंपनी ने भी मामले को गंभीरता से लिया है और जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार इस प्रकरण की जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद भी ले रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ आरोपी संगठित तरीके से महिला कर्मचारियों को निशाना बना रहे थे। इस मामले में अब तक नौ अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें छह पुरुष कर्मचारी नासिक स्थित कंपनी की यूनिट में कार्यरत बताए जा रहे हैं, जबकि एक महिला एचआर मैनेजर भी गिरफ्तार की गई है। पुलिस के मुताबिक एक महिला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.