रामपुर के फैजान को गुजरात एटीएस ने दबोचा, आतंकी संगठनों से जुड़े तार

गुजरात के अहमदाबाद में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी फैजान शेख उर्फ फैजान सलमानी को लेकर जांच एजेंसियों ने अपनी पड़ताल तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) मुरादाबाद की एक टीम स्वार क्षेत्र पहुंची और आरोपी के पारिवारिक पृष्ठभूमि की जांच की।
टीम नरपत नगर स्थित फैजान के आवास पर गई, जहां उसके परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। SIU अधिकारी करीब आधे घंटे तक घर पर मौजूद रहे। इस दौरान फैजान की मां फईम के साथ-साथ उसके पिता शकील अहमद के साले और जीजा से भी सवाल-जवाब किए गए। हालांकि, अधिकारियों को पूछताछ के दौरान कोई ठोस इनपुट मिलने की बात सामने नहीं आई।
अहमदाबाद में करता था सिलाई का काम
जांच में सामने आया है कि नरपत नगर का रहने वाला फैजान बीते लगभग आठ वर्षों से अहमदाबाद के नवसारी इलाके में रहकर कोट-पैंट सिलाई के कारखाने में कारीगर के रूप में काम कर रहा था।
भड़काऊ पोस्ट के बाद गिरफ्तारी
बताया जा रहा है कि फैजान के मोबाइल फोन से कथित तौर पर आपत्तिजनक और उकसाने वाले पोस्ट सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां, स्थानीय पुलिस और एटीएस हरकत में आई थीं। करीब दस दिन पहले उसे गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह पुलिस रिमांड पर है। एटीएस का दावा है कि फैजान के आतंकी संगठनों से संपर्क के संकेत मिले हैं और उसके पास से भड़काऊ सामग्री भी बरामद हुई है।
पिता पहुंचे गुजरात, की अधिकारियों से मुलाकात
गिरफ्तारी के बाद फैजान के पिता शकील अहमद नगर पंचायत अध्यक्ष खालिद अली और एक अन्य व्यक्ति के साथ अहमदाबाद पहुंचे। वहां उन्होंने एटीएस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की स्थिति को समझने की कोशिश की।
एजेंसियां हर एंगल से कर रहीं जांच
शकील अहमद के अनुसार, एटीएस ने उन्हें बताया कि फैजान के मोबाइल से हिजबुल मुजाहिदीन से संबंधित कुछ पोस्ट और टिप्पणियां मिली हैं, जिनकी गहनता से जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों का कहना है कि पूरे मामले को हर पहलू से खंगाला जा रहा है। वहीं, फैजान के परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। एजेंसियां फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि में जुटी हुई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.