कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर हादसा, भदालीखाल के पास खाई में गिरी बस; 30 यात्री थे सवार

HIGHLIGHTS
- दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच बस का प्रेशर पाइप अचानक फट गया।
- सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका।
- दुगड्डा, गुमखाल और लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर जा रही गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की बस बुधवार को भदालीखाल के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में चालक सहित करीब 30 यात्री सवार थे। बस खाई में एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में एक-दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। चालक के मुताबिक, बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके चलते बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं तरफ स्थित खाई में जा गिरी। इस दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई।
पुलिस ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
हादसे की जानकारी मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
दुर्घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने और सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.