रील और सोशल मीडिया से बढ़ रही पारिवारिक समस्याएं: धीरेंद्र शास्त्री

बांदा, यूपी। मवई बाईपास चौराहे पर चल रही हनुमंत कथा के दूसरे दिन शनिवार को बागेश्वरधाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री ने भक्तों को धर्म और सनातन संस्कृति का संदेश दिया। उन्होंने भगवान श्रीराम को धर्म की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि दूसरों की मदद करना और उन्हें प्रसन्न करना ही सच्चा धर्म है। पंडित शास्त्री ने कहा कि धर्म की रक्षा करने वाले की रक्षा स्वयं धर्म करता है।
कथा में पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया और रील जैसे प्लेटफॉर्म को परिवारों के टूटने और तलाक के बढ़ते मामलों का जिम्मेदार बताया। उन्होंने हनुमान चालीसा की प्रत्येक चौपाई का विस्तार से अर्थ बताते हुए भक्तों को सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प दिलाया।
पंडित शास्त्री ने परिवारिक जीवन की अहमियत पर भी चर्चा की। उनका कहना था कि पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास और भरोसे पर टिका होना चाहिए। जब भरोसा मजबूत होता है, घर स्वर्ग समान बन जाता है, और जब विश्वास नहीं होता, जीवन नरक के समान कठोर हो जाता है। उन्होंने गुरुकृपा और गुरु की महिमा पर भी जोर देते हुए कहा कि सच्चा गुरु रंक को भी राजा बनाने की शक्ति रखता है।
कथा में स्वामी एकनाथ की शिक्षाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा भी दी गई।
शनिवार को औद्योगिक विकास और प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह भी कथा स्थल पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक कथा सुनी। जनपद और आसपास के जिलों के हजारों श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.