फरीदाबाद: एआई ब्लैकमेलिंग के शिकार युवक ने दी जान, दो आरोपियों पर केस दर्ज

फरीदाबाद के ओल्ड थाना क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किए जाने से तंग आकर एक कॉलेज छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बसेलवा कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो डीएवी कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, करीब दो सप्ताह पहले राहुल का मोबाइल फोन अज्ञात लोगों ने हैक कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए राहुल और उसकी बहनों की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार किए। इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उन्होंने राहुल से 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसे लगातार धमकाया जा रहा था।
सल्फास खाकर की आत्महत्या
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान राहुल मानसिक तनाव में रहने लगा था। पिता मनोज भारती ने बताया कि पिछले कई दिनों से उसका व्यवहार बदल गया था—वह चुप रहता, कम बात करता और कमरे में अकेला बैठा रहता था। शनिवार शाम करीब सात बजे राहुल ने अपने कमरे में सल्फास की गोलियां खा लीं। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
चैट में मिली धमकी और उकसावे के संदेश
पुलिस जांच में राहुल के मोबाइल से मिले चैट रिकॉर्ड में साहिल नाम के युवक से बातचीत मिली है। चैट में साहिल ने राहुल को फर्जी फोटो और वीडियो भेजकर पैसे मांगे थे और भुगतान न करने पर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। चैट में आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे संदेश भी मिले हैं।
पुलिस जांच जारी
परिजनों ने साहिल के साथ राहुल के परिचित नीरज भारती पर भी शक जताया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु कुमार ने बताया कि यह मामला एआई तकनीक के दुरुपयोग और साइबर अपराध का गंभीर उदाहरण है। आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.