दशहरे पर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रामलीला स्थलों पर एजेंसियां अलर्ट

HIGHLIGHTS
- 20 अक्टूबर को रावण दहन के दौरान दिल्ली के प्रमुख रामलीला स्थलों पर बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है।
- प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और गृह मंत्री के कार्यक्रमों को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
- प्रवेश और निकास द्वारों के साथ वीआईपी मार्गों पर भी निगरानी रखी जाएगी।
नई दिल्ली। दशहरे के अवसर पर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। 20 अक्टूबर को रावण दहन के दौरान प्रमुख रामलीला स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और वीआईपी मूवमेंट की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए विशेष सतर्कता
दशहरे के प्रमुख आयोजनों में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई बड़े नेताओं और फिल्मी सितारों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आग से बचाव के इंतजाम भी किए जा रहे हैं। रावण दहन के दौरान आग से संबंधित किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रमुख रामलीला स्थलों पर सुरक्षा का घेरा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आईपी एक्सटेंशन में इंद्रप्रस्थ रामलीला कमेटी के आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचने की सूचना है। वहीं, लालकिला स्थित श्री धार्मिक लीला कमेटी के कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, द्वारका सेक्टर-10 की श्री रामलीला सोसायटी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लवकुश रामलीला कमेटी के आयोजन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शामिल होने की सूचना है।
वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए इन सभी रामलीला स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आयोजन स्थलों के साथ प्रवेश और निकास द्वारों, आसपास के क्षेत्रों तथा वीआईपी मार्गों पर विशेष निगरानी रखेंगी।
इसके अलावा, भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने के निर्देश
दशहरे के आयोजनों के दौरान आग से बचाव सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली फायर सर्विस ने रामलीला समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली फायर सर्विस के चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया कि दशहरे के कार्यक्रमों को लेकर सभी रामलीला कमेटियों को पत्र जारी किए गए हैं।
पत्र में अस्थायी पंडाल और अन्य ढांचे तैयार करते समय संबंधित भारतीय मानकों (आईएस स्पेसिफिकेशन) के साथ आग से बचाव और अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.