बारिश से प्रभावित किसानों को जल्द मिले राहत और मुआवजा: सीएम योगी ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में हुई अचानक बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारियों से किसानों को होने वाली संभावित परेशानियों की रिपोर्ट मांगी और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी तरह की कठिनाई नहीं हो, क्योंकि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि किसानों की बर्बाद हुई फसल का तत्काल आकलन कर संपूर्ण जानकारी एकत्र की जाए और उन्हें जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए।
सीएम योगी ने राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को निर्देश दिया कि वे संयुक्त सर्वे करके फसल नुकसान का विवरण तुरंत शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार हर आपदा और विपदा के समय जनता के साथ खड़ी रहती है। पिछले दिनों हुई बारिश से भी किसानों की फसल प्रभावित हुई थी और उस नुकसान का मुआवजा समय पर दिया गया। बुधवार को हुई बारिश से होने वाले नुकसान का भी जल्दी से जल्दी आकलन कर राहत प्रक्रिया शुरू की जाए।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में रहकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सही आंकलन कराएं। साथ ही, मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त से कहा कि वे फील्ड अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और सभी सूचनाओं का समन्वय सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि फसलों को हुए नुकसान का आकलन मिलते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए और भुगतान समयबद्ध ढंग से हो, ताकि मौसम की मार से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.