पिता-भाई ने की प्रेमी की हत्या, युवक के घर जाकर लड़की ने डेड बॉडी से की शादी

महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कथित तौर पर अंतरजातीय प्रेम संबंध के कारण 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि लड़की के पिता और भाइयों ने युवक को घर से बुलाकर पहले बुरी तरह पीटा, फिर उसके सिर में गोली मार दी और बाद में पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद मृतक सक्षम टेटे के अंतिम संस्कार के दौरान उसकी प्रेमिका आंचल ने समाजिक विरोध के बावजूद रिश्ते को निभाने का संकल्प दोहराया। वह सक्षम के घर पहुंची और उसके पार्थिव शरीर पर हल्दी व सिंदूर लगाकर प्रतीकात्मक रूप से विवाह की रस्में निभाईं। आंचल ने उसके परिवार के साथ रहने का फैसला भी किया।
जानकारी के अनुसार, आंचल और सक्षम के बीच पिछले तीन वर्षों से संबंध था। बताया जा रहा है कि आंचल अक्सर उसके घर जाती थी, जिससे दोनों के बीच निकटता बढ़ी। हालांकि हाल के महीनों में लड़की के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध शुरू कर दिया था और जातिगत अंतर का हवाला देते हुए संबंध खत्म करने का दबाव बना रहे थे। धमकियों के बावजूद आंचल ने रिश्ता तोड़ने से इनकार कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, जैसे ही परिवार को यह जानकारी मिली कि दोनों विवाह करने की तैयारी में हैं, लड़की के पिता और भाइयों ने युवक को अपना शिकार बना लिया। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सक्षम की मौत के बाद आंचल ने कहा, “हमारा प्यार उसकी मौत के बाद भी ज़िंदा है। मेरे पिता और भाई हमारे रिश्ते को नहीं तोड़ सके।” उसने हत्या के आरोपियों के लिए कठोरतम सजा की मांग भी की है।
पुलिस ने इस मामले में हत्या, साजिश और अन्य संबंधित धाराओं के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.