सहारनपुर में महाराजा पैलेस बैंक्वेट हॉल में लगी आग, मची अफरा-तफरी

सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित महाराजा पैलेस बैंक्वेट हॉल में मंगलवार देर शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही हॉल के अंदर मौजूद कर्मचारी घबराकर बाहर की ओर भागने लगे। कुछ ही देर में आग की लपटें और धुआं बाहर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तुरंत पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, सदर बाजार थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड पर स्थित इस बैंक्वेट हॉल के अंदर पहले धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने हॉल में लगे पर्दों और पायदानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि असली वजह की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद बैंक्वेट हॉल के अंदर से घरेलू गैस सिलेंडर भी निकाले गए। आरोप है कि यहां व्यावसायिक सिलेंडर की जगह घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। गनीमत रही कि उस समय हॉल में कोई शादी या अन्य कार्यक्रम नहीं चल रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
महाराजा पैलेस बैंक्वेट हॉल के बिल्कुल पास एक कार शोरूम भी है और पीछे घनी आबादी वाला इलाका स्थित है। यदि आग समय पर काबू में न आती तो कार शोरूम और आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा था। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.