'जो खुद नशे की गिरफ्त में हो, वह जनता को कैसे बचाएगा', राहुल गांधी का भगवंत मान पर हमला

HIGHLIGHTS
- संगरूर के गांव फगुवाला में कांग्रेस की इंसाफ रैली आयोजित हुई।
- राहुल गांधी ने पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को सबसे बड़ी समस्या बताया।
- सिद्धू मूसेवाला की हत्या और उनकी सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा उठाया।
- राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर नशे को लेकर निशाना साधा।
संगरूर के गांव फगुवाला में आयोजित कांग्रेस की इंसाफ रैली में राहुल गांधी ने पंजाब की भगवंत मान सरकार और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने मंच पर मौजूद दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने पंजाब में नशे और गैंगस्टरवाद को प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या बताया।
राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला से अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा थे। उन्होंने कहा कि जिस सोच ने मूसेवाला को दिनदहाड़े और बेखौफ होकर गोलियों से छलनी कर दिया, वह बेहद दुखद है। राहुल ने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दुख दुनिया में कोई दूसरा नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मूसेवाला की सुरक्षा हटाए जाने के बाद उनकी सरेआम हत्या कर दी गई।
पंजाब में नशे को बताया सबसे बड़ी समस्या
पंजाब में नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब वह पहले प्रदेश आए थे और उन्होंने नशे की समस्या का जिक्र किया था, तब विपक्षी दलों बीजेपी और अकाली दल ने उनकी बात को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होंगी, तब तक नशे और गैंगस्टरवाद को खत्म करना संभव नहीं है।
आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी ने पंजाब से नशे को पूरी तरह खत्म करने का वादा किया था। जनता ने उस पर भरोसा भी जताया, लेकिन अब सवाल यह है कि सरकार ने प्रदेश के किस हिस्से से नशे का खात्मा किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा के दिनों का एक किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है। राहुल के मुताबिक, नशे पर रोक लगाने के लिए ऐसे नेता और मुख्यमंत्री की जरूरत है, जिसके मन में पंजाब का वास्तविक दर्द हो।
पीएम मोदी को डिबेट की चुनौती, बोले- 5 मिनट में साबित कर दूंगा कौन देशद्रोही
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी कांग्रेसियों को देशद्रोही बताते हैं, तो वह उन्हें चुनौती देते हैं कि प्रधानमंत्री कहीं भी, किसी भी मंच पर या एनडीटीवी के स्टूडियो में उनके सामने आकर बैठें। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी पसंद का कोई भी व्यक्ति जज बना सकते हैं। एक तरफ मोदी बैठें और दूसरी तरफ वह खुद बैठेंगे।
राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी उनके सामने टिक नहीं पाएंगे और वह महज पांच मिनट में साबित कर देंगे कि असलियत क्या है। इस दौरान उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार और केंद्र सरकार पर भी तीखे हमले किए।
दिल्ली से नहीं, पंजाब से चलनी चाहिए प्रदेश की सरकार
प्रधानमंत्री को चुनौती देने के साथ ही राहुल गांधी ने पंजाब की मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पंजाब का मुख्यमंत्री प्रदेश की कमान संभाल रहा है, तो सरकार दिल्ली या देश के गृह मंत्री के इशारों पर क्यों चल रही है।
राहुल ने आम आदमी पार्टी के चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता से एमएसपी, महिलाओं को कैश ट्रांसफर और नशामुक्ति जैसे बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज इनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
राहुल गांधी ने पंजाब के किसानों और उद्योगपतियों के योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब केवल अपने राज्य के लोगों का पेट नहीं भरता, बल्कि पूरे देश को अनाज उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि एक समय प्रदेश में खेलकूद, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे छोटे और मध्यम उद्योग बड़ी संख्या में मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि खेती और उद्योग, दोनों क्षेत्रों को बचाए बिना न तो नशे की समस्या खत्म की जा सकती है और न ही गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई जीती जा सकती है। राहुल ने दावा किया कि केवल कांग्रेस ही किसानों की रक्षा करने और उद्योगों को दोबारा पटरी पर लाने में सक्षम है।
अपने संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने पंजाब की जनता से अपील की कि वह प्रदेश में कांग्रेस की मजबूत सरकार बनाए, जो हर मोर्चे पर खरी उतरे और लोगों के अधिकारों की रक्षा करे। रैली के दौरान मंच पर राहुल गांधी को हल और तलवार भी भेंट की गई।
खरगे बोले- पंजाब की नीति पंजाब के नेता ही तय करेंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए शुभ है। सभी कांग्रेस नेता एक मंच पर मौजूद हैं और रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में एकता बनाए रखने की जरूरत है।
खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया और सभी दलों को एक साथ लाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की सरकार वोट चोरी से बनी है। खरगे ने कहा कि अगर पंजाब में कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो पूरे देश में भी पार्टी की जीत होगी। उनका दावा था कि बीजेपी संस्थाओं को खत्म कर रही है और भगवंत मान सरकार बेहद खराब सरकार है। उन्होंने कहा कि पंजाब की नीतियां प्रदेश के नेता ही तय करेंगे।
विजयइंदर सिंगला बोले- संगरूर को कुछ नहीं मिला
रैली में वरिष्ठ नेता विजयइंदर सिंगला ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार संगरूर से चल रही है, लेकिन संगरूर को इससे कुछ हासिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पिछले 12 साल में संगरूर और पंजाब के लिए कुछ नहीं किया। सिंगला ने कहा कि यूपीए सरकार ने प्रदेश में कैंसर अस्पताल बनवाया था।
सांसद सुखजिंदर रंधावा ने अपने संबोधन में 1957 का एक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि उस साल संगरूर से सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र का संसद में निधन हो गया था। उनके थैले की तलाशी में केवल दो रोटियां और अचार मिला था। रंधावा ने इसकी तुलना करते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी के ही क्षेत्र के मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान के थैले से शराब की बोतलें मिली हैं।
चन्नी बोले- कांग्रेस की रैली में लोग शादी की तरह आते हैं
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के संबोधन से पहले लोगों ने उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाए। चन्नी ने कहा कि कांग्रेस की रैली में लोग इस तरह पहुंच रहे हैं, जैसे किसी शादी में जा रहे हों, जबकि आम आदमी पार्टी की रैलियों में लोग ऐसे जाते हैं, जैसे किसी के भोग में शामिल होने जा रहे हों।
उन्होंने कहा कि अपने छोटे से कार्यकाल के दौरान उन्होंने हर वर्ग को राहत देने का काम किया था।
बाजवा ने कहा- 2027 में कांग्रेस की वापसी की नींव रखी
कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि आज हर पंजाबी इंसाफ की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगरूर ने 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने की नींव रख दी है। बाजवा के मुताबिक, आम आदमी पार्टी का विकल्प केवल कांग्रेस है। उन्होंने पंजाब सरकार को सबसे भ्रष्ट सरकार बताया।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने कहा कि पांच साल पहले संगरूर की इसी धरती से लोगों ने नए पंजाब के सपने देखे थे, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में जंगलराज बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान की खरीद बंद हो रही है और पंजाब पुलिस स्टेट बन गया है।
परगट सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती देते हुए कहा कि पंजाब ने कभी तानाशाही बर्दाश्त नहीं की और न ही नफरत फैलाने वालों को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि केवल पगड़ी बांध लेने से इंकलाब नहीं लाया जा सकता। परगट सिंह ने नशे की समस्या के लिए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि 2029 में राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहता है।
सचिन पायलट बोले- आप सरकार को उखाड़ने के लिए तैयार जनता
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि संगरूर में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि जनता आम आदमी पार्टी की फरेबी सरकार को जड़ से हटाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आवाज को प्रदेश के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा।
पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल चुटकुले सुनाते हैं और गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साध लेते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.