पटियाला में पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट बरामद

पटियाला: पंजाब पुलिस के पूर्व आईजी अमर सिंह चहल ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। उन्हें गंभीर हालत में पटियाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व आईजी को छाती में गोली लगी है। प्रारंभिक जानकारी में इस घटना का संबंध करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जोड़ा जा रहा है, जिससे पुलिस और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि अमर सिंह चहल ने 12 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है, जो पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव कपूर के नाम है। नोट में कथित तौर पर 8.10 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का उल्लेख किया गया है। पुलिस इस दस्तावेज़ की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की गहन जांच कर रही है।
गौरतलब है कि अमर सिंह चहल फरीदकोट फायरिंग मामले (2015) में भी आरोपियों में शामिल रहे हैं। 24 फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी), जिसकी अगुवाई एडीजीपी एल.के. यादव कर रहे थे, ने फरीदकोट की अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। इस चार्जशीट में कई राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल थे, जिनमें तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके पुत्र और पूर्व गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी, आईजी परमराज सिंह उमरानंगल, पूर्व डीआईजी अमर सिंह चहल, पूर्व एसएसपी सुखमिंदर सिंह मान और एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.