जुए के कर्ज में डूबे घरेलू सहायक ने मालिक के खाते से उड़ाए लाखों, शिमला से गिरफ्तार

दिल्ली के द्वारका साउथ इलाके में एक घरेलू सहायक ने जुए के कारण बढ़े कर्ज से परेशान होकर अपने ही मालिक के बैंक खाते से लाखों रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नौकरी छोड़कर फरार हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे हिमाचल प्रदेश के शिमला से गिरफ्तार कर लिया।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह के अनुसार, 15 नवंबर को एक कारोबारी ने द्वारका साउथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने बताया कि उनका घरेलू सहायक उनके बैंक खाते से करीब सवा तीन लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर चुका है। इसकी जानकारी तब हुई, जब वह किसी को ऑनलाइन भुगतान कर रहे थे और खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं मिला। बैंक जाकर जांच कराने पर पैसे ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई।
आरोपी की पहचान बिहार निवासी 21 वर्षीय मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। कारोबारी ने जब उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद थाना प्रभारी राजेश शाह के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपी की लोकेशन शिमला में पाई गई, जहां से पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जुए में भारी रकम हार चुका था और कर्ज चुकाने के दबाव में उसने यह कदम उठाया। उसने बताया कि जब उसका मालिक नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर रहे थे, तब उसने आईडी और पासवर्ड देख लिए थे। बाद में मौका पाकर उसने मालिक का फोन लिया, पैसे अपने खाते में ट्रांसफर किए, बैंक से आए मैसेज डिलीट किए और नौकरी छोड़कर फरार हो गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.