गाजियाबाद: लोनी मेन बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग, 20 लाख का सामान राख

HIGHLIGHTS
- दुकान के ग्राउंड फ्लोर पर बच्चों और पहली मंजिल पर बड़ों के कपड़े रखे थे।
- ग्राहक के बुलाने पर दुकानदार शटर खोलने पहुंचा तो अंदर धुआं भरा मिला।
- आग की लपटें उठने पर स्थानीय लोगों ने नीचे रखा सामान बाहर निकाला।
गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र स्थित लोनी मेन बाजार में शनिवार रात एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में आग लग गई। घटना रात करीब 10:30 बजे की है। आग दुकान की पहली मंजिल पर लगी थी। दुकानदार दुकान बंद कर घर जा चुका था। बाजार का रास्ता संकरा होने के कारण अग्निशमन विभाग का वाहन समय पर दुकान तक नहीं पहुंच सका। दुकानदार के मुताबिक, आग में करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मेन बाजार में रहने वाले शोएब पुत्र नवाब की घर से कुछ दूरी पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। उन्होंने बताया कि दुकान के निचले तल पर बच्चों के रेडीमेड कपड़े और पहली मंजिल पर बड़ों के कपड़े रखे जाते हैं। शनिवार रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए थे।
कुछ देर बाद एक ग्राहक ने दुकान से सामान लेने की बात कही। ग्राहक के बुलाने पर शोएब दुकान खोलने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शटर उठाया, अंदर धुआं भरा दिखाई दिया। कुछ समय बाद ऊपर की मंजिल से धुआं निकलने लगा। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पहली मंजिल से आग की लपटें उठती देख लोगों ने नीचे की दुकान में रखा सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मेन बाजार का रास्ता संकरा होने के चलते पानी का टैंकर दुकान तक नहीं पहुंच पाया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी का पाइप लगाकर आग पर काबू पाया।
दुकानदार शोएब ने बताया कि आग की वजह से करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, सीएफओ सौरभ कुमार ने बताया कि आग बुझा दी गई है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.