अयोध्या में दीपोत्सव की भव्य तैयारी, अतिथियों की सुरक्षा से यातायात तक अधिकारियों की ड्यूटी तय

HIGHLIGHTS
- अयोध्या दीपोत्सव के लिए प्रशासन ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कीं।
- उप राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों को लेकर विशेष इंतजाम किए गए।
- रामकथा पार्क की व्यवस्था मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह संभालेंगे।
रामकथा पार्क में संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को सौंपी गई है। यहां मंच, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, संत समाज और मीडिया गैलरी की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं, राम की पैड़ी पर अपर जिलाधिकारी अमित कुमार भट्ट आयोजन की निगरानी करेंगे। इस स्थल पर मुख्यमंत्री के मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संत समाज की दीर्घा और अतिथियों के बैठने की व्यवस्था अलग-अलग अधिकारियों के जिम्मे होगी। दीप प्रज्ज्वलन से जुड़े सभी कार्य अपर जिलाधिकारी नगर एवं मेलाधिकारी दिनेश के नेतृत्व में संपन्न कराए जाएंगे।
अतिथियों के आगमन और शोभायात्रा के लिए भी तय हुई जिम्मेदारी
विशिष्ट अतिथियों के आगमन, दर्शन-पूजन और आयोजन स्थलों तक उनके आवागमन को लेकर भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। एयरपोर्ट पर अपर जिलाधिकारी कौशल कुमार अतिथियों के आगमन और प्रस्थान की व्यवस्था देखेंगे।
वहीं, अपर नगर आयुक्त भारत और डिप्टी कलेक्टर गजेंद्र सिंह एयरपोर्ट से नया घाट होते हुए श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक मार्ग व्यवस्था और शांति व्यवस्था की निगरानी करेंगे। साकेत महाविद्यालय बंधा तिराहे से रामकथा पार्क तक निकलने वाली शोभायात्रा की जिम्मेदारी मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी शोभायात्रा के अलग-अलग हिस्सों की व्यवस्थाएं संभालेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात और पार्किंग पर विशेष ध्यान
दीपोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्थाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल और प्रमुख घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजामों की निगरानी की जाएगी।
नया घाट स्थित सरयू आरती स्थल की पूरी व्यवस्था अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा और उप जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार शर्मा संभालेंगे। वहीं, पूरे शहर की यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी इंद्राकांत द्विवेदी को दी गई है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख आयोजन स्थलों के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी व्यक्ति को परेशानी का सामना न करना पड़े।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.