हरदोई में दर्दनाक हादसा, पानी से भरे गड्ढे में गिरी कार; पति-पत्नी और मासूम की मौत

HIGHLIGHTS
- हरदोई के बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा।
- अनियंत्रित कार पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी।
- हादसे में रमेश कुमार, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह के बच्चे की मौत।
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जफरपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके तीन माह के मासूम बच्चे की डूबने और गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में मातम छा गया और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा के मूल निवासी रमेश कुमार (35) फिलहाल चांद बेहटा में रह रहे थे। वह हरियाणा के गुड़गांव में नौकरी करते थे। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए शुक्रवार तड़के वह अपनी पत्नी नीलम (32), तीन माह के बच्चे और साथी आदित्य कुमार पुत्र नरेश सिंह के साथ कार से गांव लौट रहे थे।
तड़के साढ़े तीन बजे हुआ हादसा
शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे उनकी कार बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के बाद कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
तीन लोगों की मौत, एक युवक की हालत गंभीर
पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से आदित्य कुमार को बाहर निकाला। वह गंभीर चोटों के कारण बेहोशी की हालत में था। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से कन्नौज जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने रमेश कुमार, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह के मासूम बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार का इलाज जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.