गुजरात: चोटीला-राजकोट हाईवे पर बस और ट्रक की टक्कर, आग लगने से 4 की मौत

गुजरात। सुरेंद्रनगर जिले में चोटीला-राजकोट नेशनल हाईवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजकोट की ओर जा रही एक निजी लग्जरी बस और डामर से भरे ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
टायर फटने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे संगानी गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर फटने के बाद पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और बस में आग लग गई।
बस अहमदाबाद से राजकोट की ओर जा रही थी और उसमें लगभग 40 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद कई यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आ गए।
बस में लगी आग, चार लोग जिंदा जले
अधिकारियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद बस में भीषण आग फैल गई। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। करीब 10 से 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायलों को तत्काल राजकोट सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चोटीला रेफरल अस्पताल भेजा गया है।
मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.