गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर: 7 साल के बच्चे की कार से दर्दनाक मौत

गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दुर्घटना ने पूरे इलाके को दहशत और अफरा-तफरी में डाल दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार चला रहा लड़का केवल 15 साल का है, जो एक तंग गली से तेज रफ्तार में वाहन निकालने की कोशिश कर रहा था।
शुक्रवार शाम कृष्ण कुंज कॉलोनी में रहने वाला यूहान अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान किशोर द्वारा चलाई जा रही मारुति सुजुकी एसएक्स4 कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्चा वाहन के बोनट के नीचे फंस गया और आरोपी कार को रोकने के बजाय करीब 20 मीटर तक उसे घसीटता रहा।
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग बाहर निकल आए और भागकर आरोपी किशोर को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने पहले उसकी पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना स्थल पर ही यूहान ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चा अलीगढ़ निवासी अश्विनी कुमार का बेटा था, जो करीब 15 वर्षों से कृष्ण कुंज में परिवार के साथ रह रहे हैं और बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं। परिजनों का कहना है कि हादसे के वक्त यूहान घर के बाहर गली में खेल रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार कार आकर उसे रौंदते हुए आगे बढ़ गई।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में गहरा रोष है। पुलिस ने किशोर चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि किशोर को कार कैसे उपलब्ध हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.