गुरुग्राम में बर्गर किंग के AC का कंप्रेसर फटा, चकनाचूर हुए शीशे; मची अफरा-तफरी

HIGHLIGHTS
- गुरुग्राम के सेक्टर-14 मार्केट स्थित बर्गर किंग में शनिवार रात AC का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया।
- धमाका इतना जोरदार था कि रेस्टोरेंट के शीशे चकनाचूर हो गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
- कंप्रेसर फटने के बाद हल्का धुआं उठने लगा और फायर अलार्म बज गया।
गुरुग्राम। गुरुग्राम के व्यस्त इलाके में शनिवार रात करीब पौने दस बजे बड़ा हादसा टल गया। सेक्टर-14 मार्केट स्थित बर्गर किंग रेस्टोरेंट के एसी का कंप्रेसर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि ब्लास्ट जैसी आवाज सुनाई दी और रेस्टोरेंट के शीशे टूटकर बिखर गए। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
बताया जा रहा है कि कंप्रेसर फटने के बाद उससे हल्का धुआं निकलने लगा। धुआं उठते ही रेस्टोरेंट में लगा फायर अलार्म बज गया। राहत की बात रही कि इसके बाद आग नहीं लगी और धुआं भी अपने आप खत्म हो गया।
बड़ा हादसा होने से बचा
अगर आग फैल जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी, क्योंकि घटना के समय रेस्टोरेंट के अंदर ग्राहक मौजूद थे। फायर अलार्म बजते ही रेस्टोरेंट स्टाफ ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
फर्श पर बिखरे मिले कांच के टुकड़े
सूचना मिलते ही भीम नगर दमकल केंद्र से दमकल की गाड़ी और सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रेस्टोरेंट के अंदर कहीं आग लगी नहीं मिली। हालांकि, फर्श पर कांच के टुकड़े बिखरे हुए थे। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए।
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। भीम नगर दमकल अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एसी लगातार चलने के कारण ओवरहीट हो गया, जिसके चलते कंप्रेसर फट गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.