मुजफ्फरनगर: सांसद हरेंद्र मलिक ने रेलवे अधिकारियों संग की बैठक, 6 महीने में पूरा होगा ओवरब्रिज

मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने के उद्देश्य से मंगलवार को समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में स्टेशन के विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और नई मंडी क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाले ओवरब्रिज की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
रेलवे अधिकारियों ने सांसद को जानकारी दी कि नई मंडी और शहर के बीच निर्माणाधीन ओवरब्रिज को अगले छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही नई मंडी क्षेत्र में रेलवे टिकट काउंटर शुरू करने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी, ताकि यात्रियों को टिकट संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।

बैठक के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी सहमति बनी। रेलवे प्रशासन ने तीनों प्लेटफॉर्म पर तीन-तीन वाटर कूलर लगाने और एक नए सुलभ शौचालय का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों को जल्द शुरू कराया जाएगा।
सांसद हरेंद्र मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने एक बार फिर संगम एक्सप्रेस का संचालन सहारनपुर से शुरू किए जाने की मांग भी उठाई।

बैठक समाप्त होने के बाद सांसद ने रेलवे अधिकारियों के साथ ओवरब्रिज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि और रेलवे विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.