मुजफ्फरनगर में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, कूलर-एसी भी पड़े बेअसर

मुजफ्फरनगर। जिले में सोमवार को भीषण गर्मी ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि लू और उमस के चलते महसूस किया गया तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग दिनभर परेशान रहे और कई स्थानों पर कूलर व एयर कंडीशनर भी बेअसर दिखाई दिए।
सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया था। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए कि शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़े, गमछे या दुपट्टे से ढककर चलते दिखे। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा, वहीं महिलाएं भी पूरी सावधानी के साथ चेहरा ढककर घरों से बाहर निकलीं।

मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 18 से 21 किलोमीटर प्रति घंटा रही, लेकिन यह हवा राहत देने के बजाय गर्म थपेड़ों में बदल गई, जिससे गर्मी और अधिक बढ़ गई। कई लोगों ने बताया कि लगातार चलने के बावजूद कूलर गर्म हवा दे रहे हैं और एयर कंडीशनर भी पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहे हैं।
भीषण गर्मी का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, शिकंजी, गन्ने के रस और अन्य ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में तेजी देखी गई। जगह-जगह जूस और ठंडे पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे अधिक से अधिक पानी का सेवन करें, धूप में निकलने से बचें और विशेषकर दोपहर के समय घरों में ही रहें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.