उत्तर भारत में बढ़ेगी गर्मी, 8 राज्यों में लू का अलर्ट

नई दिल्ली। अप्रैल का महीना आगे बढ़ने के साथ ही देशभर में गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 4 से 5 दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 40 डिग्री के पार जाएगा पारा
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। अप्रैल के मध्य में ही कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। अनुमान है कि 17 अप्रैल तक दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे आने वाले दिनों में लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देश का सबसे अधिक तापमान महाराष्ट्र के अकोला में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
8 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है। 14 से 16 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में सामान्य से पहले ही गर्म हवाओं का असर देखा जा रहा है।
गर्मी से बचाव के लिए महाराष्ट्र में SOP लागू
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने आउटडोर श्रमिकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत निर्माण और असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को ऑरेंज या रेड अलर्ट के दौरान दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक काम रोकने की सलाह दी गई है। साथ ही काम के समय को सुबह और शाम के घंटों में निर्धारित करने और कार्यस्थलों पर छाया व पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्वोत्तर में बारिश के आसार
जहां एक ओर देश के बड़े हिस्से में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर भारत में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 14 से 17 अप्रैल के बीच असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.