देव दीपावली से पहले काशी में हेलिकॉप्टर सेवा, नमो घाट से होंगे हवाई दर्शन

वाराणसी। देव दीपावली से पहले काशी के घाटों, मंदिरों और गंगा आरती के नजारे अब हवाई यात्रा के जरिए भी देखने को मिलेंगे। शहर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। सर्वे, सुरक्षा जांच और परीक्षण जैसे सभी जरूरी काम सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं। हेलिकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली कंपनी ने बाबतपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी से मंजूरी के लिए संपर्क कर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
इस सेवा के तहत श्रद्धालु और पर्यटक सिर्फ 7-8 मिनट की उड़ान में काशी के प्रमुख स्थलों के हवाई दर्शन कर सकेंगे। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, उड़ान नमो घाट स्थित हेलिपैड से शुरू होगी। यहाँ से तीन-सीटर और छह-सीटर हेलिकॉप्टर उड़ान भरेंगे। इस छोटी लेकिन मनोरम यात्रा में पर्यटक काशी के सभी प्रमुख घाटों के साथ-साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट, गोदौलिया क्षेत्र, चौक, काल भैरव मंदिर और रामनगर पुल का अद्भुत दृश्य देख सकेंगे।
हालांकि हेलिपैड और उड़ान मार्ग में कुछ तकनीकी अड़चनें थीं, जैसे एचटी लाइन, जिन्हें दूर कर दिया गया है। इस सेवा का प्रस्ताव स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग को दिया गया था। हरी झंडी मिलने के बाद अब सेवा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। किराया अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन ही होगी। इसी सप्ताह विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में किराया तय कर इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पहल वाराणसी को ‘स्काई टूरिज्म’ का नया केंद्र बनाने में मदद करेगी। इससे स्थानीय रोजगार और पर्यटन कारोबार में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा, “हेलिकॉप्टर सेवा शुरू होने पर पर्यटक काशी का नया और अद्भुत अनुभव ले सकेंगे। यह निश्चित रूप से पर्यटन को बढ़ावा देगा।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.