उरई में हाईवे हादसा: प्याज लदे ट्रक के पलटने से तीन की मौत, दो घायल

उरई। एट थाना क्षेत्र के ग्राम जखोली के पास झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। झांसी से कानपुर की ओर जा रहे प्याज से लदे ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े लोगों पर पलट गया। इस घटना में दो महिलाएं और ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे का शिकार हुई महिलाएं गाँव जखोली निवासी अनंतराम की बहन लौंगश्री (45) और उनकी भाभी माया देवी (65) थीं। लौंगश्री अपनी बेटी वंदना (20) के साथ गुरुवार को मकर संक्रांति के मौके पर मायके आई हुई थी। शुक्रवार को दोनों महिलाएं, वंदना और नाती अरमान सिंह (18) घर लौटने के लिए नेशनल हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे।
टायर फटते ही ट्रक ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में लौंगश्री और माया देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वंदना और अरमान गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक के पलटने से चालक की भी मौत हुई, जिसकी शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पाकर पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से उरई मेडिकल कॉलेज भेजा। गंभीर हालत में वंदना को झांसी रेफर किया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर उरई भेजे गए। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद हाईवे पर जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल हुआ।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों व घायलों के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.