गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, डबल डेकर बस पलटी, एक की मौत

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब फतेहपुर के खागा से पंजाब के लुधियाना जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में फतेहपुर निवासी 28 वर्षीय अनुज की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में 12 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
यह घटना रात करीब 11:30 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के 202 किलोमीटर प्वाइंट पर हुई। बताया जा रहा है कि बस में सवार अधिकतर यात्री उस समय सो रहे थे, तभी अचानक तेज धमाके के साथ एक टायर फट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस कई बार पलटते हुए दूसरी लेन तक जा पहुंची।
गनीमत यह रही कि बस नीचे गहरे हिस्से में नहीं गिरी, वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल दहल उठा।
सूचना मिलते ही मूसाझाग और दातागंज सहित आसपास के थानों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बरेली रेफर किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.