कोहरे के कारण हैदराबाद से लखनऊ आई फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से घने कोहरे के कारण हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित रहा। सुबह हैदराबाद से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट लैंडिंग नहीं कर सकी और उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा लखनऊ से रवाना होने वाली कई घरेलू उड़ानों में घंटों की देरी रही।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सुबह से कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। इसी वजह से सुबह 8:05 बजे हैदराबाद से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 608 को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली और इसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, सुबह 6:10 बजे दिल्ली के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2108 लगभग एक घंटे लेट रवाना हुई। इसी तरह 6:15 बजे दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान एक्सवाई 897 सुबह 9:05 बजे और 8:45 बजे बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 325 सवा घंटे की देरी के बाद 10 बजे उड़ान भर सकी।
घरेलू उड़ानों के अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी कोहरे और ईरान-इजरायल के बीच जारी संघर्ष का असर पड़ा। अबूधाबी से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 1416 और शारजाह से आने वाली 6ई 1424 रद्द कर दी गईं। इसके अलावा दम्माम से शाम 8 बजे लखनऊ आने वाली 6ई 98, लखनऊ से अबूधाबी जाने वाली 6ई 1415, दम्माम जाने वाली 6ई 97 और शारजाह जाने वाली 6ई 1423 भी रद्द कर दी गईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.