हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन ने 26 वर्षीय महिला को कुचला, सांसद के बेटे पर केस दर्ज

HIGHLIGHTS
- घटना 16 अगस्त को माधापुर में इनऑर्बिट मॉल के पास हुई।
- मृतका भारती मुखी लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन थीं।
- हादसे के समय भारती सड़क पार कर रही थीं।
हैदराबाद। हैदराबाद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की टक्कर से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। आरोप है कि कार राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के बेटे लिंगामनेनी संजुश (21) चला रहे थे। पुलिस ने उनके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।
घटना 16 अगस्त को माधापुर इलाके में इनऑर्बिट मॉल के पास हुई। मृतका भारती मुखी लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन के तौर पर काम करती थीं। दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच के लिए आईटीसी कोहेनुर इलाके गई थीं। वापस लौटते समय सड़क पार करते वक्त एस्टन मार्टिन कार ने भारती को टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक, कार तेज गति और लापरवाही से चलाई जा रही थी। हादसे में भारती के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। उन्हें उसी कार से जुबली हिल्स के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी सहकर्मी ने स्टोर मैनेजर को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया।
साइबराबाद पुलिस ने लिंगामनेनी संजुश की पहचान कार चालक के रूप में की है। उनके पिता आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण की जनसेना पार्टी से राज्यसभा सांसद और व्यवसायी हैं।
माधापुर एसीपी सी. श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस भेजा गया है। अभी तक गिरफ्तारी नहीं की गई है, क्योंकि अपराध जमानती है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से मृत्यु कारित करने से संबंधित है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.