कन्नौज में हाईस्कूल टॉपर सृष्टि दीक्षित बनीं एक दिन की डीएम, छह फरियादियों की सुनीं समस्याएं

HIGHLIGHTS
- मिशन शक्ति फेज-6 के तहत सृष्टि दीक्षित को एक दिन के लिए डीएम बनाया गया।
- प्रदेश में 94.43 प्रतिशत अंक हासिल कर हाईस्कूल में टॉप किया।
- जनसुनवाई के दौरान छह फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
कन्नौज। मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपने की पहल शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में देखने को मिली। उत्तर प्रदेश संस्कृत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली सृष्टि दीक्षित ने एक दिन के लिए डीएम की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने छह फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक निर्देश दिए। तिर्वा तहसील में तैनात कानूनगो बेटे का तबादला कराने के लिए परेशान बुजुर्ग मां की फरियाद पर उन्होंने तत्काल तबादले का आदेश दिया। वहीं, वरासत के लंबित मामले का निस्तारण कर फरियादी को प्रमाण पत्र भी सौंपा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुरसहायगंज स्थित राधा देवी आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा सृष्टि दीक्षित शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे अपने अभिभावकों और शिक्षकों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं। सृष्टि ने हाईस्कूल परीक्षा में 94.43 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उस समय जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री जनसुनवाई कर रहे थे। सृष्टि के पहुंचने पर डीएम ने अपनी कुर्सी उन्हें सौंप दी।
इसके बाद फरियाद लेकर पहुंचीं बुजुर्ग जहानवती ने अपनी खराब सेहत और अधिक उम्र का हवाला देते हुए तिर्वा तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात अपने पुत्र यज्ञदत्त का तबादला छिबरामऊ तहसील में कराने का अनुरोध किया। मामले पर विचार करने के बाद सृष्टि ने तबादले का निर्देश दिया। इस निर्णय से भावुक हुईं जहानवती दुआएं देते हुए वहां से रवाना हुईं।
निशा ने आवास संबंधी समस्या रखी। इस पर सृष्टि ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, वरासत प्रमाण पत्र के लिए पहुंचे धीरेंद्र की समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें प्रमाण पत्र दिलाया गया। छिबरामऊ के दीपक कुमार सफाईकर्मी दीपक बाबू के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे। इस मामले में सृष्टि ने छिबरामऊ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को जांच करने के निर्देश दिए।
अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण के लिए 48.72 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी
एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में सृष्टि दीक्षित ने उमर्दा ब्लॉक के ग्राम बस्ता और छिबरामऊ के ग्राम द्वारिकापुरी में अंत्येष्टि स्थल निर्माण के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया। दोनों स्थानों पर 24.36-24.36 लाख रुपये की लागत से निर्माण के लिए कुल 48.72 लाख रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कौन हैं एक दिन की डीएम सृष्टि दीक्षित?
नाम: सृष्टि दीक्षित
पिता का नाम: प्रेम नरायन दीक्षित
मूल निवास: बघौली, जिला हरदोई
वर्तमान निवास: गुरसहायगंज, जहां ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही हैं
विद्यालय: राधा देवी आदर्श संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरसहायगंज
उपलब्धि: वर्ष 2025-26 की हाईस्कूल परीक्षा में 94.43 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
'यह मेरे लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण'
एक दिन की जिलाधिकारी बनने पर सृष्टि दीक्षित ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण है। जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए उन्हें आम लोगों की समस्याएं सुनने, उनके समाधान की प्रक्रिया समझने और प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
प्रदेश में टॉप करने पर मिला अवसर
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) पप्पू सरोज ने बताया कि जिलाधिकारी ने जिले के टॉपर विद्यार्थियों की सूची मांगी थी। इसमें सृष्टि का नाम शामिल था, जिन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। इसी आधार पर उनका चयन किया गया।
मिशन शक्ति फेज-6 के तहत सृष्टि को सांकेतिक रूप से एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। यह अनुभव उनके लिए नई दिशा देने वाला होने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.