परविंदर झोटा के परिवार से मिले पायलट, बोले- इंसाफ दिलाने के लिए करेंगे हर संभव प्रयास

HIGHLIGHTS
- पायलट ने परविंदर झोटा के परिवार के प्रति जताई संवेदना।
- राहुल गांधी संसद में उठाएंगे नौजवान की मौत का मामला।
- पंजाब में नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना लाने पर जोर।
मानसा। परविंदर झोटा के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने देर शाम पहुंचे पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिव पायलट ने कहा कि परिवार ने जिस भाई और बेटे को खोया है, उससे बड़ा दुख कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि देश की संसद में कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस मामले को उठाएंगे और पूरे देश को बताएंगे कि इस नौजवान की मौत कैसे हुई और उसे इंसाफ कैसे मिल सकता है। पायलट ने कहा कि पंजाब में मौजूदा समय में बिगड़े माहौल की मुख्य वजह चिट्टा और ड्रग्स है। नशे की वजह से कितने परिवार उजड़ चुके हैं, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
पूरे पंजाब से ड्रग्स की समस्या खत्म करनी होगी
पायलट ने कहा कि अब समय आ गया है कि जिस मुद्दे को लेकर परविंदर झोटा ने मुहिम शुरू की थी, उसे आगे बढ़ाया जाए। उनका उद्देश्य पंजाब से चिट्टा और ड्रग्स को खत्म करना था। इस मुहिम को आगे ले जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि परविंदर को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए गांवों और शहरों के युवाओं व महिलाओं को मिलकर नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना लानी होगी।
उन्होंने कहा कि परविंदर को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है, जब पूरे पंजाब से ड्रग्स की समस्या को खत्म किया जाएगा। इसके लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने पंजाब के मौजूदा माहौल पर दुख जताते हुए कहा कि जिस तरह राज्य में लूट और हत्या की खबरें सामने आ रही हैं, उसका समाधान करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी को मिलकर परविंदर सिंह झोटा की ओर से शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाना होगा। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रगट सिंह, राज कुमार वेरका सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
आप विधायकों के घरों के बाहर होंगे रोष प्रदर्शन
परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर संघर्ष कमेटी ने आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी है। कमेटी की ओर से 19 अक्टूबर को राज्यभर में आम आदमी पार्टी के विधायकों के घरों के बाहर रोष प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे।
संघर्ष कमेटी के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदर्शन के दौरान विधायकों को लानत पत्र भी सौंपे जाएंगे। संघर्ष कमेटी की बैठक में परविंदर सिंह के पिता भीम सिंह, मनीष बब्बी दानेवालिया, सुरेश नंदगढ़िया, एसजीपीसी सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर, राजविंदर सिंह राणा, हंस राज मोफर और एंटी ड्रग टास्क फोर्स के सदस्य मौजूद थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.