IPL 2026: रोहित शर्मा की वापसी बनी गेमचेंजर, मुंबई इंडियंस ने लखनऊ को हराया

मुंबई इंडियंस ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ते हुए वानखेड़े स्टेडियम में बड़ी जीत दर्ज की। आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में मुंबई ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर राहत की सांस ली। लगातार चार हार के बाद टीम ने शानदार वापसी की और 229 रन का बड़ा लक्ष्य 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। कप्तान हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में उतरी मुंबई को पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की वापसी का पूरा फायदा मिला।
लखनऊ ने बनाए 228 रन
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 228 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत तेज रही और शुरुआती 10 ओवर में 141 रन जुड़ गए। मिचेल मार्श ने 44 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन ने तूफानी अंदाज में 63 रन ठोके। पूरन ने सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अपनी पारी में 8 छक्के लगाए।
हालांकि, आखिरी 10 ओवरों में मुंबई के गेंदबाजों ने वापसी की और रनगति पर लगाम लगा दी। इसी वजह से लखनऊ 250 के पार नहीं पहुंच सकी। मुंबई की ओर से कॉर्बिन बॉश ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।
रोहित और रिकल्टन ने दिलाई धमाकेदार शुरुआत
229 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को रोहित शर्मा और रायन रिकल्टन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 143 रन जोड़ दिए। रोहित ने वापसी मैच में सिर्फ 27 गेंदों पर अर्धशतक जमाया, जबकि रिकल्टन ने 22 गेंदों में फिफ्टी पूरी की।
रिकल्टन ने 32 गेंदों पर 83 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि रोहित शर्मा ने 44 गेंदों पर 84 रन बनाए। दोनों शतक से जरूर चूक गए, लेकिन मैच मुंबई की झोली में डाल गए।
अंत में नमन धीर ने खत्म किया मुकाबला
रोहित के आउट होने के बाद तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर नहीं टिक सके, लेकिन नमन धीर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। मुंबई ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया।
दोनों टीमों की स्थिति
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने 10 मैचों में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स की 9 मुकाबलों में यह लगातार छठी और कुल सातवीं हार रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.