आईपीएस अंकिता शर्मा ने बदायूं की नई एसएसपी के रूप में संभाला कार्यभार

बदायूं में नई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में नियुक्त आईपीएस अंकिता शर्मा ने शनिवार दोपहर करीब एक बजे पुलिस लाइन पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। वहां पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद वह कार्यालय पहुंचीं, जहां बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने औपचारिक रूप से उन्हें कार्यभार सौंपा।
गौरतलब है कि एचपीसीएल के दो वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या की घटना के बाद तत्कालीन एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह का तबादला कर दिया गया था। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
इससे पहले अंकिता शर्मा कासगंज जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात थीं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला अपराधों सहित सभी तरह के अपराधों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर बरेली परिक्षेत्र के डीआईजी अजय कुमार साहनी ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। बाद में जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनका अभिनंदन किया। नवागत एसएसपी ने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए टीम भावना, पारदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.