कसाब को पकड़ने वाले आईपीएस सदानंद दाते बने महाराष्ट्र के नए डीजीपी

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और पूर्व NIA प्रमुख सदानंद दाते को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। इस संबंध में सरकार ने औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। सदानंद दाते ने वर्तमान DGP रश्मि शुक्ला का स्थान लिया है, जिनका कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो गया।
सदानंद दाते का करियर
सदानंद दाते 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने उन्हें उनके मूल कैडर में लौटने की मंजूरी दी थी। दाते ने महाराष्ट्र में आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) के प्रमुख के रूप में कार्य किया है और मुंबई में संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) के पदों पर भी सेवाएं दी हैं।
इसके अलावा, उन्होंने मीरा-भयंदर और वसई-विरार के पुलिस आयुक्त, मुंबई संयुक्त आयुक्त (अपराध शाखा और कानून-व्यवस्था) जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। दाते केंद्रीय स्तर पर सीबीआई के उप महानिरीक्षक और सीआरपीएफ के महानिरीक्षक के रूप में भी काम कर चुके हैं।
26/11 के दौरान बहादुरी का परिचय
सदानंद दाते 2008 के मुंबई 26/11 आतंकवादी हमले के दौरान चर्चा में आए थे। इस हमले के दौरान उन्होंने कासाॅब से सीधे मुकाबला किया और बाल-बाल बचे। उनकी बहादुरी को देखते हुए उन्हें 2008 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
नए कार्यकाल की जानकारी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, DGP का न्यूनतम कार्यकाल दो वर्ष होना चाहिए। रश्मि शुक्ला को जनवरी 2024 में DGP नियुक्त किया गया था और उनके कार्यकाल का विस्तार 3 जनवरी 2026 तक किया गया था। अब सदानंद दाते का कार्यकाल 2027 के अंत तक जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.