जेवर एयरपोर्ट: पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले कड़ी सुरक्षा, पांच लेयर में रहेगा सुरक्षा घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह से पहले सुरक्षा के चार स्तरों को बढ़ाकर अब पांच लेयर की मल्टी-लेयर सुरक्षा प्रणाली लागू की गई है। कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए करीब 7000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें पुलिस विभाग के लगभग 5000 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी, आरएएफ, सीआईएसएफ और एटीएस की टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई हैं। प्रधानमंत्री के बेहद नजदीक एसपीजी और एनएसजी कमांडो तैनात रहेंगे।
कैसे काम करती है पांच लेयर की सुरक्षा व्यवस्था
पहली लेयर:
सबसे अंदरूनी सुरक्षा घेरा एसपीजी के कमांडो संभालते हैं। ये सादे कपड़ों में प्रधानमंत्री के बेहद करीब रहते हैं और आधुनिक हथियारों से लैस होते हैं।
दूसरी लेयर:
एसपीजी की दूसरी टीम पहले घेरे को सुरक्षा प्रदान करती है और संभावित खतरे पर तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहती है।
तीसरी लेयर:
इस स्तर पर एनएसजी के ब्लैक कैट कमांडो और विशेष सुरक्षा बल तैनात रहते हैं, जो किसी भी आतंकी खतरे से निपटने में प्रशिक्षित होते हैं।
चौथी लेयर:
अर्धसैनिक बल जैसे सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवान इस सुरक्षा घेरा को संभालते हैं।
पांचवीं लेयर:
सबसे बाहरी सुरक्षा घेरा स्थानीय पुलिस का होता है, जो पूरे क्षेत्र की निगरानी करती है।
वाहनों के लिए पार्किंग बढ़ाई गई
कार्यक्रम में आने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 15 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। पहले 12 पार्किंग स्थान बनाए गए थे, जिन्हें बढ़ाकर 15 कर दिया गया है। जनसभा में आने वाले लगभग 4000 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और आम लोगों की सहायता के लिए पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे।
ड्रोन और सोशल मीडिया पर भी नजर
सुरक्षा एजेंसियां केवल कार्यक्रम स्थल ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रख रही हैं। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कार्यक्रम स्थल को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है और निगरानी के लिए ड्रोन टीम और डॉग स्क्वॉड भी तैनात किए गए हैं।
संदिग्ध स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश
पुलिस उपायुक्त डॉ. प्रवीण रंजन के अनुसार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं और पूरे इलाके में सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.