कोलकाता में भीषण अग्निकांड: रात में सोते हुए जल गए एक ही परिवार के चार लोग

कोलकाता। हावड़ा जिले के जयपुर थाना अंतर्गत साउड़िया सिंहपाड़ा में रविवार, 21 दिसंबर की आधी रात को एक कच्चे मकान में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 75 वर्षीय दुर्योधन दोलुई, 42 वर्षीय दूधकुमार दोलुई, 38 वर्षीय अर्चना दोलुई और 14 वर्षीय शम्पा दोलुई के रूप में हुई है।
घटना के समय पूरा परिवार एक ही कमरे में खाना खाने के बाद सो रहा था। अचानक आग ने मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज़ी से फैली कि किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। लपटों और आग की तपिश के कारण मकान की एस्बेस्टस छत गिर गई, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन गांव में गंगा पूजा का कार्यक्रम चल रहा था और अधिकांश लोग उस कार्यक्रम में व्यस्त थे। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब आसपास कम लोग ही मौजूद थे। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया।
जयपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल से चारों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उलुबेरिया के शरत चंद्र चट्टोपाध्याय गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.