कन्नौज: जवाहर नवोदय विद्यालय में 95 छात्रों ने की भूख हड़ताल, प्रधानाचार्य को हटाने की मांग

HIGHLIGHTS
- बुधवार को भोजन कम पड़ने से कई छात्रों को खाना नहीं मिलने की बात कही गई।
- शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और खेल सुविधाओं को लेकर भी छात्रों ने शिकायत की।
- डीएम ने 16 अगस्त को विद्यालय पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनने का आश्वासन दिया।
कन्नौज: जवाहर नवोदय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज कक्षा 10वीं से 12वीं तक के 95 छात्रों ने हॉस्टल में खुद को बंद कर लिया और भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्रों के भूख हड़ताल पर बैठने की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर, डीआईओएस और सीओ सिटी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र प्रधानाचार्य को हटाने और विद्यालय की अव्यवस्थाओं को दूर कराने के लिए डीएम से बात करने की मांग पर अड़े रहे।
अनौगी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह से 12वीं तक 550 छात्र अध्ययनरत हैं। छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए गए हैं। गुरुवार सुबह 10वीं से 12वीं तक के छात्रों ने नाश्ता लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद 95 छात्र एकत्र हुए और हॉस्टल को बंद कर भूख हड़ताल शुरू कर दी।
छात्रों के भूख हड़ताल करने की जानकारी प्रशासन को मिली, जिसके बाद डीआईओएस पप्पू सरोज, एसडीएम वैभव गुप्ता, सीओ सिटी शिल्पा वर्मा और नायब तहसीलदार विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने करीब आधे घंटे तक छात्रों से बातचीत की। छात्रों ने बताया कि भोजन में कच्चे चावल दिए जाते हैं।
छात्रों ने यह भी बताया कि बुधवार को भोजन कम पड़ गया था, जिसके कारण कई छात्रों को खाना नहीं मिल पाया। इसके अलावा छात्रों ने प्रधानाचार्य पर आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाने पर वह नाराज हो गए। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और भोजन तैयार करने की व्यवस्था को भी खराब बताया। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल, खेल मैदान और खेल सुविधाओं की समस्या भी बताई।
प्रधानाचार्य पर समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप
छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में फैली अव्यवस्थाओं को प्रधानाचार्य गंभीरता से नहीं लेते हैं। मेस में होने वाली समस्याओं का भी समाधान नहीं किया जा रहा है। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप भी लगाया है।
अधिकारियों के समझाने के बाद भी छात्र प्रधानाचार्य को हटाने, विद्यालय की अव्यवस्थाओं को दूर कराने और डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसडीएम ने छात्रों की मोबाइल फोन के माध्यम से डीएम से बात कराई। डीएम ने छात्रों को समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया और 16 अगस्त को विद्यालय पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने की बात कही।
भारत माता की जय के नारे लगाने पर दो मिनट का मौन रखवाने का आरोप
छात्रों ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारी के लिए बुधवार को भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाने पर प्रधानाचार्य नाराज हो गए। छात्रों के मुताबिक, नारे लगाने वाले छात्रों के लिए दो मिनट का मौन रखवाया गया।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि सुबह प्रार्थना से पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। छात्रों से कहा जाता है कि नाली के कीड़े हो, नाली में ही रह जाओगे। छात्रों ने मेस में खाने की बेहतर व्यवस्था नहीं होने की बात भी कही।
हेड कुक और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग
छात्रों ने प्रधानाचार्य को हटाने के साथ ही मेस के हेड कुक और सामाजिक विषय के शिक्षक पर भी कार्रवाई करने की मांग की है। छात्रों ने विद्यालय की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.