दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर संदिग्ध यात्री पकड़ा गया, अंडरगारमेंट में मिला अज्ञात पदार्थ

HIGHLIGHTS
- बैग की एक्स-रे जांच के दौरान स्क्रीन पर घनी और संदिग्ध वस्तु दिखाई दी।
- जांच के बाद यात्री ने मौके से भागने की कोशिश की।
- सीआईएसएफ जवानों ने एग्जिट गेट के पास यात्री को पकड़ लिया।
दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बैगेज की जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि सामने आने के बाद सीआईएसएफ के जवानों ने एक यात्री को पकड़ लिया। यात्री के बैग की एक्स-रे जांच में स्क्रीन पर एक घनी और संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद यात्री ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उसका पीछा कर स्टेशन के एग्जिट गेट के पास उसे पकड़ लिया।
सीआईएसएफ के अनुसार, यात्री के सामान की विस्तृत जांच करने पर उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया अज्ञात अर्धठोस पदार्थ बरामद हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।
कुआलालंपुर में रहने का दावा
सीआईएसएफ के मुताबिक, पकड़े गए यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला अनिवासी भारतीय (एनआरआई) बताया है। हालांकि, उसके पास से मिले अर्धठोस पदार्थ की प्रकृति क्या है और उसे छिपाकर रखने के पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सीआईएसएफ के जवानों की सतर्कता और तत्काल कार्रवाई के चलते संदिग्ध यात्री को स्टेशन से बाहर निकलने से पहले ही पकड़ लिया गया। एजेंसी के अनुसार, मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों और उनके सामान की जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जवान लगातार सतर्क रहते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.