जमीन विवाद ने ली जान, कन्नौज में बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट

कन्नौज में जमीन के विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को खून से रंग दिया। सकरावा थाना क्षेत्र के देवपुर बैगवां गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने कथित रूप से अपने ही बुजुर्ग पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय श्रीकृष्ण बाथम के पास करीब छह बीघा जमीन है। उनका बेटा अशोक कुमार शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद करता था, जिसके चलते श्रीकृष्ण अपने पोते रजनीश के साथ रहते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात भी अशोक कुमार ने शराब के नशे में पिता से जमीन अपने नाम करने की मांग की, जिस पर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर बुजुर्ग ने जमीन पोते के नाम करने की बात कह दी, जिससे मामला और तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि रात करीब एक बजे जब श्रीकृष्ण घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, तभी उनके बेटे अशोक कुमार ने कुल्हाड़ी से उनके गर्दन और कंधे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को कंबल से ढक दिया और फरार हो गया।
सुबह घटना का खुलासा तब हुआ जब पोता रजनीश पशुओं को चारा डालने पहुंचा। चारपाई से खून बहता देखकर उसने कंबल हटाया तो दादा का शव देखकर वह दंग रह गया। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर सीओ सुरेश कुमार मलिक और सकरावा थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अशोक कुमार घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
गौरतलब है कि जिले में पहले भी जमीन विवाद के चलते इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां पारिवारिक रिश्ते हिंसा की भेंट चढ़ गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.