पश्चिम बंगाल में देर रात बमबारी: भाजपा के पांच कार्यकर्ता घायल, इलाके में तनाव

पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले के पनिहाटी इलाके में देर रात हुए बम हमले में भाजपा के कम से कम पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह घटना दत्ता रोड, वार्ड नंबर-2 में आधी रात के बाद हुई।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने एक के बाद एक तीन देसी बम फेंके और तुरंत मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले में पांच कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घायलों को तुरंत कोलकाता स्थित आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही खारदाह थाने की पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंच गए। पूरे क्षेत्र को घेरकर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इलाके में लगातार गश्त भी की जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने इसे राज्य में बढ़ती हिंसा से जोड़ते हुए गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल बना हुआ है और इस तरह की घटनाएं उसी का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.